बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान के कमजोर पड़ने के बावजूद झारखंड के मौसम पर उसका असर दिख रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई जगहों पर रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को कनकनी महसूस हुई। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, शनिवार को करीब 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। रांची में सामान्यत: बादल छाए रहने का अनुमान है और कुछ समय के लिए बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रांची में 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 17 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि 23 नवंबर को अधिकतम 26 और न्यूनतम 15 डिग्री तक पहुंच सकता है। 24 और 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 13 और 12 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

23 नवंबर से आसमान साफ होने की संभावना है और बारिश की गतिविधियों में कमी के साथ मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है। मौसम विभाग ने 24 और 25 नवंबर को रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का पूर्वानुमान जताया है। गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हजारीबाग में 12.5, दुमका में 4.5, लातेहार में 4, देवघर में 2, खूंटी में 1.5 और सरायकेला में 1 मिलीमीटर बारिश हुई। पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर हुई बूंदाबांदी से शहर की सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गईं और कोहरे तथा बादलों से दृश्यता भी प्रभावित रही। बाजारों में आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही और फुटपाथ दुकानदारों तथा ठेला-खोमचा लगाने वालों का कारोबार प्रभावित हुआ।