झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकलेगी। इस दौरान सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी।
मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह के समय कोहरा या कुहासा छा सकता है।
मौसम केंद्र ने 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा, जबकि लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम 15 से 21 डिग्री, डालटनगंज में अधिकतम 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री तथा बोकारो में अधिकतम 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 28 नवंबर को रांची में अधिकतम 23 और न्यूनतम 11 डिग्री, 29 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 12 डिग्री तथा 30 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बालूमाथ में 26 से 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री और 29 व 30 नवंबर को 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
