कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 बच्चे घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बच्चे बस के अंदर फंस गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुई। बस कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी, जिसमें 50 बच्चे और 6 टीचर सवार थे। सभी बच्चे कौशांबी से कन्नौज पिकनिक मनाने जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि माइलस्टोन 210 के पास स्कूल बस ड्राइवर ने टॉयलेट के लिए वाहन किनारे रोका था। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक में आलू लदी थी।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायल बच्चों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।