कानपुर में नौ नंबर क्रासिंग से एनएच-2 तक करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को 38 करोड़ रुपये का बजट मिला है। यह मार्ग नमक फैक्ट्री चौराहा और ज्ञान प्रकाश मार्ग से होकर इटावा-कानपुर हाईवे तक जाता है। विभाग के अनुसार, अगले 21 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अनुसार, फोरलेन निर्माण के तहत सड़क को 14 मीटर चौड़ा किया जाएगा। यह मार्ग शहर से हाईवे तक जाने वाले प्रमुख रास्तों में से एक है, जिस पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन आते-जाते हैं। दादा नगर और पनकी औद्योगिक क्षेत्र के साथ आसपास की आबादी के लिए भी यह महत्वपूर्ण है। मौजूदा समय में सड़क की चौड़ाई कम होने और वाहनों के दबाव के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होता है।
सड़क चौड़ीकरण से आवागमन आसान होने और वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे औद्योगिक क्षेत्रों तक वाहनों की आवाजाही भी सुगम हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि 18 जून 2026 को एचबीटीयू परिसर के सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान विभाग की ओर से 5523 करोड़ रुपये के 344 प्रस्ताव रखे गए थे, जिनमें शहर की कई महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाएं शामिल थीं। अब तक कुछ ही परियोजनाओं को शासन से स्वीकृति मिल सकी है, जिनमें ट्रांसगंगा सिटी पुल निर्माण प्रमुख है। जूही खलवा पुल के बजट पर अभी स्वीकृति नहीं मिल पाई है और कई अन्य परियोजनाएं बजट व प्रशासनिक मंजूरी का इंतजार कर रही हैं।
