कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर शनिवार रात दो डंपरों की भिड़ंत और रविवार दोपहर एक डंपर के खराब होने से लंबा जाम लग गया। जाम में एक दूल्हे की बारात भी घंटों फंसी रही। यातायात प्रभारी ने बताया कि फिलहाल हाईवे जाम से मुक्त है।

शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर राठ तिराहे के पास तेज रफ्तार एक डंपर हाईवे के बीच लगा बैरियर तोड़कर दूसरी साइड चला गया और सामने से आ रहे डंपर से टकरा गया। इस हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया। यह जाम रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे तक जारी रहा। सजेती थानाक्षेत्र के दुर्गा मोड़ से चंदौखी मोड़ तक करीब 15 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। यातायात टीम ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाया, जिसके बाद सुबह हाईवे जाम से छूटा और वाहनों का संचालन शुरू हुआ।

रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे महोबा से डस्ट लेकर कानपुर की ओर जा रहा एक डंपर यमुना पुल के बीच खराब हो गया, जिससे फिर जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। यातायात और पुलिस की टीमें वाहनों का संचालन कराती रहीं।

इस जाम में दूल्हे इरफान की कार भी फंस गई, जिनकी बारात ललपुरा जा रही थी। करीब आधे घंटे तक उनकी गाड़ी जाम में फंसी रही, जिससे दूल्हे और गाड़ी में बैठे अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात प्रभारी नन्हेलाल यादव ने बताया कि रात के हादसे और दोपहर में डंपर खराब होने से जाम की समस्या रही। मौजूदा समय में हाईवे पूरी तरह जाम से मुक्त है।