कानपुर के कल्याणपुर कला स्थित एक बॉयज हॉस्टल में सोमवार को एक बंद कमरे से 30 वर्षीय डिलीवरी बॉय का शव मिला। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास रहने वाले छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला।
मृतक की पहचान बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के नौगवां निवासी केशव वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह कल्याणपुर कला के इसी बॉयज हॉस्टल में रहकर डिलीवरी बॉय का काम करता था और करीब एक महीने पहले ही हॉस्टल में रहने आया था। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में युवक के डिलीवरी बॉय का काम करने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। केशव के परिवार में पिता गोपाल वर्मा, मां और एक बहन हैं।
पुलिस ने कमरे की तलाशी में एक डायरी बरामद की है, जिसके एक पन्ने पर लिखा था कि मरना तो एक दिन सबको है, इसलिए अच्छे कर्म करते रहिए। पुलिस डायरी में मिले इस संदेश समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
