उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग प्रभावित हुए हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने अपार्टमेंट में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, राधिका अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत में धुआं फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं से घिर गया था। हादसे में अपार्टमेंट के अंदर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। उर्सला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) ने बताया कि आग की घटना के बाद चार मरीजों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें प्रांजल बाथम (16) और राखी (45) की मौत हो गई। नीता और वैभव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मामले की जांच कर रही हैं और आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।