आज कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग के शुभ संयोग में कार्तिक पूर्णिमा मनाई जा रही है। इस मौके पर बिहार भर में पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। राजधानी पटना के 31 घाटों पर स्नान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जहां स्थानीय लोगों के साथ दूसरे शहरों से आए भक्त भी पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए घाटों से सड़कों तक कड़े इंतजाम किए हैं।
पटना के 31 घाटों में कंगन घाट और दीघा घाट पर सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से ही इन दोनों घाटों पर स्नान करने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय निवासियों के अलावा दूसरे शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग पवित्र स्नान के लिए पटना पहुंचे हैं, जिससे घाटों पर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
पटना के साथ-साथ बिहार के अन्य जिलों में भी कार्तिक पूर्णिमा का उत्साह चरम पर है। बेगूसराय स्थित प्रसिद्ध सिमरिया गंगा घाट पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का आगमन बीती रात से ही शुरू हो गया था। दूर-दराज से आए भक्त रात भर घाट पर डेरा डाले रहे और शुभ मुहूर्त शुरू होते ही गंगा में आस्था की डुबकी लगाने का सिलसिला तेज हो गया।
स्नान के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने घाटों पर व्यापक तैयारियां की हैं। गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, जबकि नदी में निगरानी के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए नदी गश्ती दल और प्रशिक्षित गोताखोरों की भी विशेष तैनाती की गई है। भारी भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट कर दिया गया है और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए शहर में जगह-जगह विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पटना के अशोक राजपथ पर रात 10 बजे से लागू ट्रैफिक नियम दिन के 11 बजे तक रहेंगे।
