कासगंज में थूक लगाकर रोटी बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के लखनवी जायका प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की है। विभागीय अधिकारियों ने प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जिसमें साफ-सफाई की कमी और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई अनियमितताएं मिलीं। इस आधार पर प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है और सुधार होने तक इसे बंद रखने का आदेश दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमवीर सिंह और प्रतिमा त्रिपाठी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि प्रतिष्ठान में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच नहीं कराई गई थी और कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण भी नहीं हुआ था। खाद्य पदार्थों को तैयार करने और सुरक्षित रखने से जुड़े मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने बिरयानी के चावल और चिकन ग्रेवी के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं।
वीडियो में रोटी बनाते दिखाई दे रहे युवक के बारे में प्रतिष्ठान संचालक से पूछताछ की गई। संचालक बदायूं जिले के इरफान ने बताया कि संबंधित युवक को काम से हटा दिया गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य कुलदीप कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान का निरीक्षण कराया गया था। जांच में साफ-सफाई का अभाव और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां मिली हैं, जिसके आधार पर खाद्य पंजीकरण निलंबित किया गया है।
