कटिहार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मंगलवार को कटिहार अभियंत्रण महाविद्यालय के सभागार में बैठक सह कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बैंक प्रतिनिधियों और सोलर वेंडरों को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना है, जिससे बिजली बिल में कमी आएगी और अतिरिक्त बिजली से आय का अवसर भी मिलेगा।
कार्यशाला में योजना के लाभ, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। डीएम ने जिले में अब तक मिले आवेदनों और लगाए गए सोलर रूफटॉप सिस्टम की प्रगति की समीक्षा की और बिजली विभाग तथा संबंधित एजेंसियों को सभी प्रखंडों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं का पंजीकरण कराने को कहा।
बताया गया कि योजना के तहत एक किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने पर केंद्र सरकार से 30 हजार और बिहार सरकार से 10 हजार रुपये, यानी कुल 40 हजार रुपये अनुदान मिलेगा। दो किलोवाट पर कुल 80 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम 98 हजार रुपये अनुदान का प्रावधान है। अनुदान की राशि सीधे लाभुकों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
डीएम ने प्रखंड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीण उपभोक्ताओं को आवेदन प्रक्रिया और बैंकों से मिलने वाले ऋण की जानकारी देने का निर्देश दिया। सोलर वेंडरों को गुणवत्तापूर्ण उपकरण लगाने और तय समय में इंस्टॉलेशन पूरा करने की हिदायत दी गई, साथ ही लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद, मेयर उषा देवी अग्रवाल, डिप्टी मेयर मंजूर खान, कोढ़ा एवं बरारी के मुख्य पार्षद, वार्ड पार्षद, चेंबर आफ कामर्स के प्रतिनिधि, बैंक समन्वयक और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
