कटिहार के सहायक थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) नागेश्वर महतो का हृदयाघात से निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, शहर के हृदयगंज स्थित एक दुकान से बाहर निकलते समय वे मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सीय जांच में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

दिवंगत एसआई मूल रूप से वैशाली जिले के निवासी थे। कटिहार में वे पूर्व में सेमापुर थाना में अपनी सेवाएं दे चुके थे। वहां से स्थानांतरण के बाद उन्हें सहायक थाना में तैनात किया गया था, जहां वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे।

सहायक थानाध्यक्ष कुमार विकास ने बताया कि घटना की जानकारी दिवंगत एसआई के स्वजन को दे दी गई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

सहायक थाना सहित जिले के अन्य पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त स्वजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।