केरल में 17 वर्षीय एक लड़की को इंस्टाग्राम पर प्रचारित फेयरनेस क्रीम के इस्तेमाल से किडनी की गंभीर समस्या होने का मामला सामने आया है। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने क्रीम बनाने वाली कंपनी और बेचने वाले के खिलाफ मिलावट, धोखाधड़ी और लोगों की जान को खतरे में डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों को इस बात की जानकारी थी कि क्रीम में इस्तेमाल होने वाली चीजें इंसान की जान के लिए खतरनाक हो सकती हैं, फिर भी उन्होंने इसे बनाकर बाजार में बेचा।

लड़की ने बताया कि उसने करीब एक साल तक लगातार यह क्रीम लगाई। शुरुआत में उसे लगा कि क्रीम काम कर रही है, क्योंकि उसके चेहरे के पिंपल्स जल्दी ठीक होने लगे। इसी वजह से उसने इस्तेमाल बंद नहीं किया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी सेहत खराब होने लगी। कई महीनों तक इलाज चला और परिवार को इलाज पर करीब 1 लाख रुपये खर्च करने पड़े। लड़की ने एक वीडियो स्टेटमेंट में कहा कि क्रीम के पैकेट पर सिर्फ दुबई का पता लिखा था और इंग्रीडिएंट्स में हल्दी व दूसरी नेचुरल चीजों का जिक्र था, मरकरी का कहीं उल्लेख नहीं था।

लड़की के मुताबिक, शुरुआती जांच में कोई बड़ी समस्या नहीं निकली, बाद में पैरों में सूजन आने पर यूरिन टेस्ट किया गया, जिसमें यूरिन के जरिए एल्ब्यूमिन (प्रोटीन) बाहर निकलने का पता चला। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि लगभग एक साल तक क्रीम इस्तेमाल करने के बाद लड़की को किडनी की गंभीर बीमारी हो गई। क्रीम की लैब टेस्टिंग में 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन (PPM) मरकरी पाया गया, जबकि सुरक्षा सीमा 1 PPM से कम है। डॉक्टरों के अनुसार, बीमारी अभी शुरुआती स्टेज में है और अगले एक से दो साल में इलाज से ठीक हो सकती है, लेकिन देर से पता चलने पर किडनी को हमेशा के लिए नुकसान हो सकता था।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 318(2), ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 27ए(आई) तथा केरल पुलिस एक्ट की धारा 118(ई) के तहत एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे कुछ बताया जाएगा। लड़की ने ऐसी फेयरनेस क्रीम इस्तेमाल कर रहे लोगों से अपील की है कि वे इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और अगर किसी को स्वास्थ्य समस्या हो रही है तो परिवार को बताकर डॉक्टर के पास जाएं।