कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के अमाटिकरा गांव में दर्दनाक घटना सामने आई है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शुक्रवार को ढाई महीने की बीमार बहन की अस्पताल में मौत होने के बाद 10 वर्षीय बच्ची ने आत्महत्या कर ली। एक ही दिन परिवार की दो बेटियों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
अधिकारी के मुताबिक, रानी पिछले कुछ दिनों से सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित थी। उसका इलाज स्थानीय अस्पताल और पोड़ी उपरोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था। हालत बिगड़ने पर गुरुवार रात उसे कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बच्ची के पिता सुखीराम दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने फोन पर परिजनों को रानी की मौत की जानकारी दी, जिससे परिवार में मातम छा गया। जब माता-पिता नवजात बच्ची का शव लेकर गांव लौटे, तो उन्होंने अपनी सबसे बड़ी बेटी रूपकुंवर को घर के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। उसकी साढ़े तीन साल की बहन रागिनी पास में बैठी थी। रूपकुंवर को पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि रूपकुंवर अपनी छोटी बहन से बेहद लगाव रखती थी और उसकी मौत की खबर सुनकर वह गहरे सदमे में आ गई होगी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है। बांगो थाने के प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने पुलिस दल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
