रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। राजस्थान के कोटा में एक क्रूजर वाहन ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास तड़के हुआ। मृतक महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी थे और खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे। क्रूजर में बच्चों समेत एक परिवार के 16 सदस्य सवार थे। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, क्रूजर चालक को वाहन चलाते समय संभवत: झपकी आ गई थी। ट्रक चालक हारून ने बताया कि उसने ट्रक में आई खराबी की जांच के लिए उसे सड़क किनारे खड़ा किया था और वह उससे कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने ट्रक को टक्कर मार दी। घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना गुजरात के कच्छ जिले में हुई, जहां एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। कच्छ पश्चिम पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे यह हादसा उस समय हुआ, जब परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है। कार दो हिस्सों में बंट गई और क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने में कई घंटे लग गए।
अधिकारी के अनुसार, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य थे। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (सात), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।
