जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को मारे गए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी उमर का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया है। फुटेज में वह अपने कमांडर लतीफ के साथ CRPF कैंप की रैकी करता दिख रहा है। 56 सेकंड के इस वीडियो में दोनों आतंकी टैक्सी से उतरते हैं। पहले लतीफ और फिर मोहम्मद मीर उमर उतरकर कैंप की ओर बढ़ते दिखे। दोनों की कैंप की ओर जाते एक फोटो भी सामने आई है।
बता दें कि 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में इन आतंकियों ने CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसमें हमलावरों ने 15 सेकंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग की थी। सोमवार को सेना ने कुलगाम जिले के लारू में दोनों आतंकियों को मार गिराया। कश्मीर जोन पुलिस ने X पर बताया कि मरने वाला आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का घाटी में एकमात्र बचा कमांडर लतीफ भट और उसका साथी उमर है। सुरक्षा एजेंसियों ने उमर का शव बरामद कर लिया है, लेकिन लतीफ की बॉडी नहीं मिली है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में लतीफ के घायल होकर छिपे होने की खबर है। सर्च ऑपरेशन जारी है।
सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, आतंकियों की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी। तलाशी के दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। करीब 3 घंटे चली मुठभेड़ के बाद उन्हें मार गिराया गया। एनकाउंटर के दौरान सेना ने एनकाउंटर साइट के आसपास के स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पिछले 6 महीनों में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के 4 कमांडर मारे गए हैं। इनमें लतीफ के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं, जिनमें 45 जवान शहीद हुए और 138 आतंकी मारे गए हैं।
