कुमाऊं मंडल में मौसम के दो अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह से खिली धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली है, जबकि घाटी वाले इलाकों में कोहरे ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

पिथौरागढ़ में सुबह से ही धूप खिली रही और नैनीताल में भी अच्छी धूप निकली। रानीखेत व आसपास के इलाकों में धूप खिली है। चंपावत में सुबह से मौसम साफ रहा और गुनगुनी धूप खिली रही। यहां न्यूनतम तापमान 5 और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

अल्मोड़ा में घाटी क्षेत्रों में कोहरा पड़ रहा है, जबकि ऊंचाई वाले स्थानों में ठंडी हवा के साथ धूप भी खिली है। यहां न्यूनतम तापमान 5 और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पहाड़ों में पाले और मैदानी इलाकों में कोहरे के आसार हैं, जबकि पारे में गिरावट से सर्दी का सितम बढ़ने की संभावना है।