प्रयागराज में कुंभ के दौरान परिवार से बिछड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग अजय पांडे को दो साल बाद हरिद्वार जिले के कलियर से बरामद किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। बुजुर्ग मूल रूप से थाना कुटुम्बा, जिला औरंगाबाद (बिहार) के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, अजय पांडे कुंभ के दौरान अपने परिवार से अलग हो गए थे, जिसके बाद परिवार को उनका कोई पता नहीं चल सका था। बुधवार को पुलिस और मानव तस्करी विरोधी सेल ने उन्हें कलियर से बरामद किया। पुलिस ने बताया कि वह कलियर में भीख मांग रहे थे और मानसिक रूप से कमजोर हो गए थे।
बुजुर्ग ने बताया कि उनका बेटा केंद्रीय पुलिस बल में जवान है। पुलिस ने उनके बेटे से मोबाइल पर वीडियो कॉल कराई, जिस पर उनकी आंखें भर आईं। परिवार के लोगों के पहुंचने पर बेटा पिता को देखकर फफक पड़ा। स्वजन ने पुलिस का आभार जताया है।
