कुरुक्षेत्र के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) नरेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने रविवार 15 नवंबर को प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. अमनीत पी. कुमार को ई-मेल भेजकर इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया। इस्तीफे के पीछे उन्होंने घरेलू परिस्थितियों को कारण बताया है। नरेश कुमार ने इस्तीफे की सूचना विभाग के डायरेक्टर और कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को भी भेजी है। अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार होने और जिले में डीएफएससी की जिम्मेदारी को लेकर विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
अपने इस्तीफे में नरेश कुमार ने लिखा है कि घरेलू परिस्थितियों के कारण कुरुक्षेत्र में डीएफएससी के पद पर कार्य जारी रखना उनके लिए संभव नहीं है। इसी वजह से वह 15 नवंबर 2026 से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। इस संबंध में उनसे बातचीत करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
गौरतलब है कि नरेश कुमार से पहले कुरुक्षेत्र में डीएफएससी का पद राजेश कुमार संभाल रहे थे, जब भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने उन्हें थप्पड़ मारा था। इसके बाद 20 जनवरी को नरेश कुमार को कुरुक्षेत्र में डीएफएससी का चार्ज सौंपा गया था।
डीएफएससी के इस्तीफे के बीच जिले में धान खरीद से जुड़े कथित घोटाले भी चर्चा में हैं। भारतीय किसान यूनियन चढूनी और भाकियू पिहोवा की ओर से पिहोवा, शाहाबाद और इस्माईलाबाद में 100 करोड़ रुपये से अधिक के धान घोटाले के आरोप लगाए गए हैं। भाकियू पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच के मुताबिक तीनों स्थानों पर इस संबंध में एफआइआर दर्ज की गई हैं और पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है। धान खरीद में कथित फर्जीवाड़े को लेकर नवंबर में भी दो मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।
