गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे उस समय हुआ जब यह परिवार कच्छ के रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें तीन महीने की एक बच्ची भी है।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने में कई घंटे लग गए। अधिकारी के मुताबिक, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य थे।
अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (सात), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।
इससे पहले 8 अक्टूबर को कच्छ के खावड़ा में अरी पार्क के पास पिकअप वाहन और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई थी। पिकअप में 15 से अधिक मजदूर सवार थे, जो अपने घर लौट रहे थे। वहीं 6 अक्टूबर को भावनगर जिले में भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्विस रोड पर खड़ी ट्रेलर से एसयूवी टकरा गई थी, जिसमें सात लोगों की मौत हुई थी।
