लखीमपुर के निघासन कस्बे में रविवार को छत पर जा रही एक 19 वर्षीय युवती को सीढ़ियों पर बैठे सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन युवती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, युवती के चाचा सांप को मारकर डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंच गए, जिससे परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।

निघासन कस्बे के शाहिद की 19 वर्षीय पुत्री इकरा बानो रविवार को किसी काम से छत पर जा रही थी। इसी दौरान सीढ़ियों पर बैठे सांप ने उसे डस लिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और वे आनन-फानन युवती को लेकर सीएचसी पहुंचे।

कुछ देर बाद युवती के चाचा इश्तियाक भी सांप को मारकर डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंच गए। डिब्बे के अंदर सांप देखकर अस्पताल परिसर में लोग सहम गए और कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

वन विभाग के अनुसार, युवती को डसने वाला सांप स्थानीय भाषा में गडार बताया जा रहा है। युवती की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।