लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का दायरा पूरे लखनऊ जिले में बढ़ाया जाएगा और बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य लखनऊ के बाहरी इलाकों और बाराबंकी में आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियों को नियोजित तरीके से विकसित करना है। सीएम ने बाकी विकास प्राधिकरणों की सीमाओं के विस्तार का प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा।
बैठक में सीएम ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ की आबादी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने के साथ बाहरी इलाकों में अवैध और अनियोजित निर्माण पर लगाम लगाना जरूरी है। बाराबंकी में भी शहरी विस्तार तेजी से हो रहा है, इसलिए वहां विकास प्राधिकरण के गठन के लिए विस्तृत रिपोर्ट जल्द तैयार की जाए। सीएम ने कहा कि प्राधिकरण बनने से विकसित हो रहे इलाकों में सड़क और जल निकासी समेत सभी नागरिक सुविधाओं पर शुरू से ध्यान दिया जा सकेगा। उन्होंने हर विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानरों की तैनाती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की समीक्षा करते हुए कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। सीएम ने 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम विकसित करने के निर्देश दिए। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन (यूपीसीए) को रेवेन्यू शेयर मॉडल पर संभावनाओं का अध्ययन कर विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।
सीएम ने उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) की समीक्षा करते हुए पूरी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। योजना के तहत लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली के नियोजित विकास का रोडमैप तैयार किया जाना है और कार्यों की डिटेल प्रॉजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनेगी। जीआईएस आधारित इस क्षेत्रीय योजना-2051 का प्रारूप 30 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य है। अंतिम मंजूरी के बाद एससीआर में अगले पांच वर्षों में लग सकने वाले उद्योगों और इंडस्ट्रीज समेत विकास कार्यों की डीपीआर तैयार की जाएगी। लखनऊ में अर्बन रेजिलिएस, रायबरेली में विनिर्माण और डिफेस इंजिनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार, बाराबंकी में कृषि आधारित उद्योग और इको-टूरिज्म, हरदोई में सडीला औद्योगिक कॉरिडोर और सीतापुर में नैमिषारण्य के पर्यटन विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
