लखनऊ की एक अदालत ने सीतापुर निवासी अनुराग पाल को अपनी पत्नी के प्रेमी प्रदीप पाल की गला घोंटकर हत्या करने और शव छिपाने का दोषी करार दिया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-20 की अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा के साथ 12 हजार रुपये का अर्थदंड भी सुनाया है।

अभियोजन की ओर से सरकारी वकील सीमा सिंह ने बताया कि यह मामला 18 सितंबर 2019 को थाना मड़ियांव में मृतक के पिता परशुराम की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में कहा गया था कि प्रदीप आरओ सर्विस सेंटर में काम करता था और सुबह 9 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन रात 11-12 बजे तक घर नहीं लौटा। बेटी के फोन करने पर प्रदीप ने बताया था कि वह दोषी के साथ है और 15-20 मिनट में घर पहुंच रहा है।

अगले दिन वादी को थाने से फोन आया कि पुलिस को एक लावारिस शव और मोटरसाइकिल मिली है, इसलिए पहचान के लिए वहां पहुंचा जाए। विवेचना में पता चला कि अनुराग पाल अपनी पत्नी के साथ मृतक के घर में किराए पर रहता था और दोनों दूर के रिश्तेदार भी थे। साथ रहने के दौरान प्रदीप और अनुराग की पत्नी के बीच अवैध संबंध हो गए थे। इसकी जानकारी होने पर अनुराग ने प्रदीप को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना वाली शाम दोनों को इंजीनियरिंग कॉलेज के पास साथ देखा गया था।