लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विराम खंड में पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नूतन ठाकुर के आवास पर संदिग्ध घुसपैठ और चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। रविवार को उनके आवास का मुख्य लोहे का ग्रिल गेट टूटा मिला, जबकि मकान की दूसरी मंजिल और छत का दरवाजा भी खुला हुआ था। घटना के समय दंपती लखनऊ से बाहर थे।

अमिताभ ठाकुर की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उनके आवास पर रहने वाले शिव कुमार शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ पैतृक स्थान गए थे। रविवार शाम लौटने पर उन्होंने मुख्य ग्रिल गेट का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर दूसरी मंजिल और छत का दरवाजा खुला मिला, और CCTV कैमरों से जुड़े तारों में भी संदिग्ध छेड़छाड़ नजर आई। हैरानी की बात यह है कि आवास से किसी कीमती सामान या नकदी के गायब होने की जानकारी नहीं मिली है।

अमिताभ ठाकुर ने घटना पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि घर से कुछ चोरी नहीं हुआ तो आखिर किस उद्देश्य से ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया या प्रवेश करने का प्रयास हुआ। उन्होंने CCTV सिस्टम से संभावित छेड़छाड़ को भी गंभीर मामला बताया है और कहा कि यह घटनाक्रम किसी गहरी साजिश की ओर इशारा कर सकता है।

सूचना मिलने पर विराम खंड चौकी प्रभारी अमरनाथ चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवास पर मौजूद शिव कुमार की ओर से गोमतीनगर थाने में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस FIR दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है।