लखनऊ की CBI एंटी करप्शन टीम ने बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) एवं ऑफिशियल लिक्विडेटर रमेश कुमार को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार देर शाम लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी इलाके में स्थित उनके घर पर की गई। गिरफ्तारी के बाद CBI ने लखनऊ और रायबरेली स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से कई संदिग्ध व आपत्तिजनक दस्तावेज तथा नकदी बरामद होने की बात सामने आई है। आरोपी अधिकारी को बुधवार को लखनऊ की CBI स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के निशातगंज इलाके में रहने वाले अंकुर शर्मा की पत्नी के नाम पर 'रिद्धि सिद्धि' नाम की कंपनी संचालित है। इस कंपनी को बीते साल दिसंबर में बिहार के डालमियानगर स्थित रोहतास शुगर मिल की फैक्ट्री से स्क्रैप उठाने का टेंडर मिला था। कंपनी ने कुछ स्क्रैप उठा भी लिया था, लेकिन बिहार में ऑफिशियल लिक्विडेटर का जिम्मा संभाल रहे रमेश कुमार की ओर से इस काम में लगातार अड़ंगा डाला जा रहा था। उन्होंने कार्य को बीच में ही रुकवा दिया था, जिससे स्क्रैप उठाने का काम अधूरा रह गया था।

शिकायतकर्ता अंकुर शर्मा के अनुसार, करीब एक हफ्ते पहले ही रमेश कुमार ने लखनऊ में उनसे मुलाकात की थी और रुके हुए स्क्रैप को उठवाने के एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोपी अधिकारी ने सीधे तौर पर धमकी दी थी कि यदि 10 लाख रुपये नहीं दिए गए तो उनका टेंडर निरस्त कर किसी और को आवंटित कर दिया जाएगा। इस दबाव से परेशान होकर अंकुर शर्मा ने CBI लखनऊ में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन के बाद CBI की एंटी करप्शन ब्रांच ने मंगलवार शाम वृंदावन कॉलोनी स्थित घर पर रमेश कुमार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये लेते ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।