तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपाथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम न जलाए जाने के मामले में मदुरै जिला कलेक्टर ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है। कलेक्टर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच को बताया कि दुर्भाग्य से विवादित स्थल पर दीप प्रज्वलित नहीं किया जा सका, हालांकि सभी नियमों का पालन किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले हफ्ते 24 नवंबर को विवादित दीपाथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी।

वकील ने कहा कि कलेक्टर के तौर पर उन्होंने वे सभी प्रक्रियाएं पूरी कीं जिनका पालन करना था। उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि विपक्षी पक्ष के इस मुद्दे को उठाने से पहले कलेक्टर स्वयं इसे अदालत के ध्यान में लाएं। बेंच ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार कलेक्टर को समारोह के तीन दिन बाद स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी थी।

दूसरी ओर, दीप प्रज्वलन की मांग करने वाले पक्षों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार ने विवादित स्थल पर औपचारिक रूप से दीप न जलाए जाने को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अदालत के आदेश की अवहेलना करने की सोची-समझी साजिश है और अधिकारियों ने आखिरी पल तक हाई कोर्ट को भरोसा दिलाया कि आदेश का पालन होगा, लेकिन ऐन वक्त पर मुकर गए। उन्होंने कहा कि उच्चिपिल्लयार मंडपम में अभी भी अखंड लौ जल रही है और इसे लाकर दीपाथून पर स्थापित किया जाना चाहिए।

एक अन्य वकील ने इसे अदालत के निर्देश की जानबूझकर की गई अवहेलना बताते हुए पीठ से स्वतः संज्ञान लेकर अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया। हालांकि, पीठ ने स्वतः संज्ञान लेने से साफ इनकार कर दिया। जस्टिस कुमार ने वकील को विधिवत अवमानना याचिका दायर करने का निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यक याचिका दाखिल करने के बाद जरूरत पड़ने पर उचित आदेश जारी किए जाएंगे।