तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम में कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद गहरा गया है। श्रद्धालुओं ने सुप्रीम कोर्ट से शिकायत की है कि 24 नवंबर के कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि राज्य सरकार ने आदेश की जानबूझकर अनदेखी की। सुप्रीम कोर्ट ने विवादित पहाड़ी पर सिकंदर बदुशा दरगाह के पास दीपथून में एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन 24 नवंबर को पारंपरिक उचि पिलयार मंडपम में दीपक जलाया गया। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से इस मामले में आवेदन दाखिल करने को कहा है और उचित आदेश पारित करने की बात कही है।

इस बीच, मंगलवार को भाजपा और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद इन संगठनों के करीब 300 सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया और उसकी जगह उचि पिल्लैयार मंदिर के ऊपर महादीपम जलाया गया।

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच करीब तीन दशक से विवाद चल रहा है। हिंदू संगठन पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग करते रहे हैं, जबकि दरगाह के पास होने के कारण इसका विरोध भी होता रहा है।

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि यह अनुमति केवल इस साल के लिए है और इससे भविष्य में दीप जलाने का कोई परंपरागत या कानूनी अधिकार स्थापित नहीं होगा। कोर्ट ने पहाड़ी पर मालिकाना हक, धार्मिक अधिकार और दीपथून की वास्तविक प्रकृति पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है। मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2027 में होनी है।