मानेसर बस स्टैंड पर हुए झगड़े के बाद एक व्यक्ति कथित तौर पर बस के आगे लटक गया और करीब 20 किमी तक घसीटे जाने के बाद गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मानेसर गांव निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो बिल्डिंग मटीरियल सप्लायर थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी बस चालक की तलाश में है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह कृष्ण कुमार कैंटर लेकर आईएमटी मानेसर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मानेसर बस स्टैंड के पास उनका बस चालक से झगड़ा हो गया। कृष्ण कुमार ने बस रोकने की कोशिश की और अपने बेटे को बुलाया। परिवार के लोगों के पहुंचने के बाद चालक ने बस भगा दी। रोकने के लिए कृष्ण कुमार वाइपर पकड़कर शीशा साफ करने वाले पायदान पर खड़े हो गए।

कृष्ण कुमार के बेटे तनुष कुमार यादव ने बताया कि बस पर नवीन ट्रेवेल्स लिखा था और यह निजी बस थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक बस तेज रफ्तार से चला रहा था और जब उन्होंने अपनी नेक्सान कार से ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की, तो चालक ने कट मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। तनुष ने यह भी आरोप लगाया कि बिलासपुर चौक के पास तैनात कुछ पुलिस राइडर्स ने बस को रोकने की कोई कार्रवाई नहीं की।

तनुष के मुताबिक, कापड़ीवास बार्डर पर चालक ने बस तेजी से घुमाई, जिससे कृष्ण कुमार नीचे गिर गए। आरोप है कि इसके बाद बस उनके ऊपर से गुजर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर लापरवाही से मौत की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मानेसर थाना पुलिस का कहना है कि मानेसर बस स्टैंड से कापड़ीवास के बीच हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जांच में जो सामने आएगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।