मथुरा के सदर थाना क्षेत्र की श्रीजी विहार कालोनी रांची बांगर में नेत्र चिकित्सक वीरेंद्र सिंह के मकान का ताला तोड़कर चार नकाबपोश बदमाशों ने करीब 25 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना शुक्रवार देर रात की है, जब चिकित्सक अपनी पत्नी के साथ राया में एक रिश्तेदार की बेटी की शादी में गए हुए थे और घर में उनके 15 वर्षीय बेटे भावेश व छह वर्षीय बेटे चिराग सो रहे थे।
पुलिस के अनुसार, चिकित्सक के जाने के बाद बदमाशों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों से सामान निकालने लगे। आहट सुनकर भावेश की आंख खुल गई, जिस पर बदमाशों ने उसके सिर पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे दो सोने के मंगलसूत्र, तीन सोने की जंजीर, दो सोने के कड़े, चार अंगूठियां, तीन जोड़ी चांदी की तोड़ियां और एक किलोग्राम चांदी के आभूषण लूटकर कार से फरार हो गए। बदमाश घर में लगे कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद भावेश ने पड़ोसी देवेंद्र सिंह के मोबाइल से पिता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चिकित्सक घर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। चिकित्सक ने सदर थाने में चार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, स्वाट और सर्विलांस समेत आठ टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कार ट्रेस कर ली है, लेकिन रात के अंधेरे में साफ फुटेज नहीं मिलने से बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। टीमें आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं। पुलिस का मानना है कि रैकी के दौरान बदमाशों ने ताला लगते देख समझा कि घर में कोई नहीं है। एसएसपी ने कहा कि जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।
