मेरठ-करनाल हाईवे पर सरधना क्षेत्र के नानू तिराहे के पास आलू के बोरों से लदा 14 टायरा ट्रक कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक मामूली रूप से घायल हुआ और ट्रक के आलू के बोरे हाईवे पर बिखर गए, जिससे मंगलवार सुबह तक दोनों ओर जाम की स्थिति बनी रही।
थाना किठौर क्षेत्र के कायस्थ बड्ढा निवासी नवाजिश राणा पुत्र हसरत पंजाब के होशियारपुर से 14 टायरा ट्रक में आलू के बोरे लादकर बिहार जा रहा था। सोमवार देर रात जब वह सरधना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे स्थित नानू तिराहे पर पहुंचा तो सामने से एक कार आ गई। आसपास के लोगों के अनुसार, कार सवार युवक तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए जा रहे थे। कार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद ट्रक में लदे आलू के बोरे हाईवे पर बिखर गए। इससे यातायात प्रभावित हुआ और मंगलवार सुबह तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में ट्रक चालक के साथियों ने दूसरे ट्रक की मदद से आलू के बोरों को उसमें लादना शुरू किया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस बीच, सरधना कस्बे में पुलिस की अनदेखी के चलते गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों की दिन में ही आवाजाही हो रही है। आबादी के बीच से गुजर रहे इन भारी वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और संकरी सड़कों पर हादसे की आशंका बनी रहती है। देहात क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ना भरकर ओवरलोड ट्रक दौराला शुगर मिल सहित अन्य चीनी मिलों में पहुंच रहे हैं। टोल शुल्क बचाने के चक्कर में ट्रक चालक कस्बे के अंदर से होकर गुजर रहे हैं। सोमवार को भी चर्च रोड से गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही के चलते तहसील तिराहे पर जाम की स्थिति बन गई। थाना पुलिस से जानकारी करने पर पुलिसकर्मी इन वाहनों के संचालन के शेड्यूल से ही अनजान नजर आए।
