मेरठ के उजैद को करीब तीन साल तक इंटरनेट मीडिया के जरिये मजहबी भावनाएं भड़काकर आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया गया। पुलिस के मुताबिक उसे जन्नत और हूरों का लालच देकर जम्मू के आर्मी चेस्ट पोस्ट पर फिदायीन हमले की तैयारी कराई जा रही थी, जिसे एक गिरफ्तारी ने विफल कर दिया।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उजैद को लगातार भारत विरोधी वीडियो और भड़काऊ सामग्री भेजी जाती थी। इन संदेशों में कहा जाता था कि मुसलमानों पर हो रहे जुल्म का बदला लेना जरूरी है और ऐसा करने पर उसे जन्नत तथा हूरें मिलने का भरोसा दिलाया जाता था। इस तरह धीरे-धीरे उसके मन में बदले की भावना पैदा कर उसे आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने का प्रयास किया गया।
पूछताछ में उजैद ने बताया कि नवंबर माह में जम्मू के आर्मी चेस्ट पोस्ट पर फिदायीन हमला करना था, लेकिन जम्मू कश्मीर पुलिस ने साजिद को दबोच लिया, इसलिए हमला नहीं हो सका। तब से उजैद फरार चल रहा था। जांच में सेशन एप पर उजैद की ओर से लगाई गई वन टाइम स्टोरी भी सामने आई है, जिसे पुलिस उसकी मानसिकता और नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की पड़ताल का अहम हिस्सा मान रही है।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसे भड़काऊ सामग्री भेजने वाले कौन थे और पाकिस्तान से संचालित संदिग्ध अकाउंट के पीछे कौन लोग सक्रिय थे। उजैद के मोबाइल की करीब छह महीने तक जम्मू कश्मीर पुलिस निगरानी कर रही थी और नवंबर 2025 में उसने मोबाइल का डेटा डिलीट कर दिया था। एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि उजैद के अलावा कितने किशोरों को इसी तरह निशाना बनाने की कोशिश की गई। कोतवाली क्षेत्र में उजैद के दोस्ती सर्किल के सात किशोरों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है।
