मेरठ में वीआइपी वाहन नंबर यूपी-15 एफएफ0001 की ई-नीलामी में धांधली का मामला सामने आया है। पल्लवपुरम की शीलकुंज कालोनी निवासी विपिन राणा ने एफआइआर में बताया कि वह पांच जून को इस नंबर की ई-नीलामी में वैध बोलीदाता था। नीलामी में कुल आठ लोगों ने हिस्सा लिया और बोली साढ़े 18 लाख रुपये तक पहुंच गई। आरटीओ सर्वर के रिकार्ड के अनुसार सबसे ऊंची बोली हाजी सुएब ने लगाई थी, जबकि सपा महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी के भाई वामिक चौधरी ने 17.17 लाख रुपये और एजेंट रेहान ने साढ़े 17 लाख रुपये की बोली लगाई थी।
आरोप है कि नीलामी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद नंबर अचानक आनलाइन पोर्टल से गायब हो गया और पांच जून को ही रात 12:44:28 बजे मोहम्मद वामिक चौधरी को एक लाख रुपये की आधार राशि पर आवंटित कर दिया गया। आरोप है कि जब इस नंबर पर एक लाख रुपये से अधिक की बोलियां मौजूद थीं, तो नियमानुसार अगले पात्र उच्च बोलीदाता को मौका दिया जाना चाहिए था।
पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है और आरटीओ कार्यालय से ई-नीलामी का रिकार्ड मांग लिया है। आवंटन में आरटीओ कार्यालय के क्लर्क विकास गौड़ के शामिल होने की बात कही गई है। माना जा रहा है कि रिकार्ड में अन्य मामले भी उजागर हो सकते हैं। साइबर टीम भी मामले पर काम कर रही है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि विवेचना में हर पहलू की गहनता से जांच कर कार्रवाई होगी। पुलिस पहले जारी किए गए वीवीआइपी नंबरों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
