मेरठ में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को बूथों पर विशेष शिविर लगाए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में वे लोग पहुंचे जिनके नाम एसआइआर (विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान) के दौरान मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। अधिकांश लोग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से अपना या अपने संबंधी का संबंध स्थापित नहीं कर सके थे। नाम कटने पर कुछ लोगों ने बीएलओ से नाराजगी भी जताई और नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय वर्धन तोमर के अनुसार पहले दिन जनपद में कुल 9500 फॉर्म मिले, जिनमें 9000 फॉर्म छह और पांच सौ से अधिक अन्य फॉर्म शामिल हैं। बूथों पर मतदाता और उनके संबंधियों के नामों में गड़बड़ी की भी कई शिकायतें मिलीं। ड्राफ्ट मतदाता सूची में अन्य क्षेत्रों के मतदाताओं के नाम भी जुड़े मिले, जिन्हें बीएलओ द्वारा चिह्नित कर सही बूथ की सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है। राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और बूथ एजेंट भी शिविरों में सक्रिय दिखाई दिए।

तोपखाना स्थित सीएबी जूनियर हाई स्कूल में एसआइआर के कारण मतदाता संख्या घटने से बूथों की संख्या तीन रह गई है। यहां लगभग 15 लोगों ने फॉर्म छह जमा कराए। आर ए बाजार निवासी प्रखर सुभाशुंग और उनके पिता लाल कुमार लिंबू ने बताया कि उनके नाम एसआइआर के दौरान सूची से हट गए थे और उन्होंने फॉर्म छह भरकर दिया है। मवाना के मदरसा इस्लामिया बूथ पर भी कई ऐसे लोगों ने फॉर्म छह जमा कराए जिनके नाम मतदाता सूची से हट गए थे।

सरधना के संत जोसेफ इंटर कालेज में स्थापित बूथ पर पहुंचे सभासद खालिद अंसारी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी गुलफ्सा का नाम हटा दिया गया था। पहले भी फॉर्म छह भरा गया था, लेकिन नाम शामिल नहीं हो सका। उन्होंने फिर से फॉर्म भरकर जमा कराया और बीएलओ की बूथ पर नियमित मौजूदगी न होने की शिकायत भी की। सरूरपुर ब्लाक के करनावल में बूथों से बीएलओ के जल्दी चले जाने की शिकायत मिली। बागपत रोड पर प्राथमिक विद्यालय मुल्तान नगर के बूथ की सूची में महिला मतदाता मानसी के पति का नाम गलत दर्ज मिला, जिसके संशोधन के लिए उन्होंने आवेदन किया। शहर विधायक रफीक अंसारी ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम नहीं हैं जो पुरानी सूची में दर्ज थे और सूची में खामियों का संशोधन कराया जा रहा है।