श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में फाइनांस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर मीरवाइज-ए-कश्मीर डॉ. मौलवी मोहम्मद उमर फारूक ने सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में मीरवाइज ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और धांधली के आरोपों से युवाओं का व्यवस्था से भरोसा कमजोर हुआ है।

मीरवाइज ने कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों से परेशान अभ्यर्थी न्याय और जवाब मांगने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 की पुलिस सब-इंस्पेक्टर और एफएए परीक्षाओं के अलावा 2025 की जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) परीक्षा में भी ऐसे आरोप सामने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले के मामलों में कोई प्रभावी जांच नहीं हुई।

मीरवाइज ने कहा कि मौजूदा मामले में कथित बिचौलियों की गिरफ्तारी और दस्तावेजों की बरामदगी के बाद भी जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी में युवा सालों लगाते हैं और उनके परिवार भी काफी त्याग करते हैं। ऐसे में अगर व्यवस्था ही उन्हें निष्पक्ष अवसर देने में नाकाम रहे तो वे न्याय की उम्मीद किससे करें।

मीरवाइज ने जांच के निष्कर्षों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया रद करने या दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।