मीरजापुर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तरी-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार बढ़ गई है, जिसका असर तापमान पर दिखने लगा है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा व भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिवमंगल सिंह के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने की संभावना है। तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है और तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे पहुंच सकता है, जिससे गलन और ठिठुरन बढ़ेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान गिरने के साथ ही कोहरे का असर भी बढ़ेगा। सुबह के समय घने से बेहद घना कोहरा छाने के आसार हैं। सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने से दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम में इस बदलाव को देखते हुए सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों, वाहन चालकों और यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है। ठंड और कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है, इसलिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
