प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने मंगलवार को फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ते सहयोग पर संतोष जताया। बातचीत में व्यापार, निवेश, रक्षा और आधुनिक तकनीक जैसे अहम क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से भारत-जर्मनी के व्यापारिक और निवेश संबंधों को विस्तार देने के नए मौके खुलेंगे। इस साल दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बातचीत में क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचार साझा किए गए और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग जारी रखने के महत्व पर जोर दिया गया।

पीएम मोदी ने एक्स पर बातचीत की जानकारी साझा करते हुए कहा कि जर्मन चांसलर मर्ज के साथ उनकी बातचीत सकारात्मक और उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ शांति, स्थिरता और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

मर्ज का यह फोन ऐसे समय आया है जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर दिसंबर में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ के साथ इस समझौते पर बातचीत जनवरी में पूरी हो गई थी। इसे 'मदर ऑफ ऑल डील्स' कहा जा रहा है। इसके लागू होने पर भारत के करीब 93 प्रतिशत निर्यात को यूरोपीय संघ के बाजार में बिना आयात शुल्क के प्रवेश मिल सकेगा। बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध के हालिया घटनाक्रम के बीच शांति और स्थिरता बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।