मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती ने आरोप लगाया है कि मुरादनगर के एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस ने आरोपी शुभम और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती के अनुसार, करीब चार साल पहले उनकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई थी और कुछ दिनों में दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि युवक उन्हें घुमाने के बहाने एक होटल में ले गया और वहां उनके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने शादी करने का भरोसा दिया, जिसके बाद युवती ने आगे विरोध नहीं किया। युवती का आरोप है कि पिछले चार साल से आरोपी उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

युवती ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसे पता चला कि आरोपी का रिश्ता कहीं और तय हो गया है। इस पर वह उसके घर गई और विरोध किया, जहां आरोप है कि आरोपी ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर उसे पीटकर भगा दिया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

युवती ने मोदीनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी मोदीनगर के अनुसार, शुभम और उसके स्वजन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।