मोहाली में शादी से मुकरने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में 19 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर प्रेमी और उसके माता-पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है और आरोपित युवक के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली में प्रेम संबंध और शादी से जुड़े विवाद के बाद 19 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान मानसा जिले के गांव बुर्ज भलाईके निवासी कोमल कौर के रूप में हुई है। वह सीपी-67 माल स्थित एक कंपनी में नौकरी करती थी और पिछले तीन-चार महीनों से अपनी बड़ी बहन के साथ फेज-9 में किराये के कमरे में रह रही थी।
युवती के पिता जग्गा सिंह ने पुलिस को बताया कि कोमल की मुलाकात कंपनी में काम के दौरान चंडीगढ़ के सेक्टर-37सी निवासी तुषार से हुई थी। दोनों ने शादी का फैसला किया और 14 जून 2026 को कोमल तुषार के घर भी गई, जहां उसके माता-पिता ने शादी के लिए सहमति जताई थी, लेकिन बाद में वे अपने वादे से मुकर गए। शिकायत के मुताबिक 13 नवंबर को कोमल ने अपनी बहन को बताया कि तुषार और उसके माता-पिता संतोष कुमार व रंजना ने मोहाली वॉक मॉल में मुलाकात के दौरान शादी से इनकार कर दिया। पिता का आरोप है कि इसके बाद से कोमल काफी परेशान रहने लगी थी।
14 नवंबर 2026 की रात कोमल कमरे में अकेली थी, जब उसने छत के पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ समय बाद बड़ी बहन काजल कमरे में पहुंची तो कोमल का शव पंखे से लटक रहा था। उसने कैंची से चुन्नी काटकर शव नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। काजल ने बताया कि बेड पर रखे हिसाब-किताब के रजिस्टर पर लाल अक्षरों में लिखा था- ‘मेरे फोन में वीडियो देखो।’ इसके बाद कोमल के फिंगरप्रिंट से मोबाइल खोला गया तो उसमें मरने से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो मिला, जिसमें उसने तुषार और उसके परिवार पर शादी से इनकार करने तथा मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए और अपनी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।
मृतका के पिता की शिकायत पर थाना फेज-8 पुलिस ने तुषार, उसके पिता संतोष कुमार और मां रंजना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। थाना फेज-8 के एसएचओ बलजिंदर सिंह के अनुसार पुलिस ने मुख्य आरोपित युवक के पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
