मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल (आरक्षक जीडी) भर्ती परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी है। मंडल की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, 19 नवंबर से शुरू होने वाली यह परीक्षा अब स्थगित कर दी गई है। नोटिस में कहा गया है कि पुलिस विभाग की ही अन्य परीक्षा के आयोजन तथा अभ्यर्थियों के हित को देखते हुए परीक्षा तिथि आगे बढ़ाई जा रही है। परीक्षा की नई तिथियां अतिशीघ्र जारी की जाएंगी।

MPESB के अनुसार, परीक्षा की नई तिथि की घोषणा के साथ ही एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख की जानकारी भी दे दी जाएगी। इसके साथ परीक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी भी साझा की जाएगी। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करते रहें।

इस भर्ती परीक्षा का आयोजन दो शिफ्ट में किया जाएगा। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। पहली शिफ्ट के अभ्यर्थियों को सुबह 8 से 9 बजे के बीच तथा दूसरी शिफ्ट के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।

परीक्षा में उम्मीदवारों से बहुविकल्पीय प्रकार के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र में सवाल मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की आठवीं कक्षा के स्तर के होंगे। पेपर में सामान्य ज्ञान एवं तार्किक ज्ञान से 40 सवाल, बौद्धिक क्षमता एवं मानसिक रुचि से 30 सवाल तथा विज्ञान और सरल अंक गणित से 30 सवाल पूछे जाएंगे। इस भर्ती के माध्यम से कॉन्स्टेबल के कुल 7500 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।