बिहार में युवाओं को कौशल विकास और व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना चलाई जा रही है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से संचालित इस योजना से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आवश्यक व्यावसायिक कौशल विकसित करने का मौका मिल रहा है। विभागीय स्तर पर जारी उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अब तक 2 लाख 63 हजार 821 युवाओं ने योजना के लिए पंजीकरण कराया है, जिनमें से 1 लाख 64 हजार 143 युवाओं ने अपना प्रोफाइल पूरा किया है। वहीं 2 हजार 735 युवा इंटर्नशिप का लाभ प्राप्त कर चुके हैं।
श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य बिहार के युवाओं की क्षमता और प्रतिभा को रोजगारपरक कौशल में विकसित करना तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। उनके अनुसार योजना के माध्यम से युवाओं को इंटर्नशिप के अवसर, व्यावसायिक कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं से जुड़ने का मौका मिल रहा है, जिससे युवाओं में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ उनके कौशल को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
जो युवा अपनी प्रतिभा को हुनर में बदलना चाहते हैं और करियर की नई संभावनाएं तलाश रहे हैं, वे इस योजना से जुड़ सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://cmpratigya.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन एवं संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा योजना से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-296-5656 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
