बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मुंबई के भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की तैयारी कर ली है। यह कार्रवाई आज होनी है। मुसाफिरखाना परिसर के भीतर बनी एक मस्जिद को भी गिराया जाना है। यह मस्जिद अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भिंडी बाजार स्थित पैतृक घर के ठीक बगल में स्थित है। बताया जाता है कि इसी घर से दाऊद इब्राहिम ने मुंबई में बम धमाकों की योजना बनाई थी।
कार्रवाई से पहले बीएमसी ने बुधवार को एक बड़ी बैठक बुलाई है। यह बैठक कमिश्नर अश्विनी भिड़े की मौजूदगी में होगी। बैठक में मुसाफिरखाना इमारत को गिराने पर चर्चा होगी, जबकि मस्जिद को गिराने के बारे में अंतिम फैसला इसी बैठक में लिया जाएगा। नगर निगम ने मुसाफिरखाना इमारत को खतरनाक घोषित किया है, इसी कारण इसे गिराया जा रहा है। मस्जिद परिसर में नमाज पढ़ने वालों को किसी दूसरी जगह जाने के लिए कहा गया है।
भिंडी बाजार इलाके में पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट के चौराहे पर स्थित इस जर्जर इमारत को बीएमसी 18 और 19 नवंबर को गिराएगा। बीएमसी ने 16 नवंबर को इस संबंध में नोटिस जारी किया था और इमारत को सी-1 श्रेणी की खतरनाक इमारत घोषित किया है। नगर निगम के अनुसार, बॉम्बे हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को इस इमारत के संबंध में आदेश जारी किया था, जिसके बाद से इसे खाली कराने और गिराने की प्रक्रिया चल रही है।
यह दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर है। 1986 में भारत से भागने से पहले वह और उसका परिवार यहीं रहता था। इस इमारत में दाऊद का घर और दफ्तर दोनों थे। पाकमोडिया स्ट्रीट को दाऊद इब्राहिम के परिवार के पुराने घर के रूप में जाना जाता है। यह इमारत कई सालों से विवाद का विषय रही है और बेहद जर्जर हालत में है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इसकी सुरक्षा को लेकर कई बार चिंता जताई है। 2020 में इसे खतरनाक घोषित किए जाने के बाद गिराने की योजना बनी थी, लेकिन मामला कोर्ट पहुंचने पर प्रक्रिया रुक गई थी।
