मुंबई पुलिस कुछ फिल्मी हस्तियों को X कैटिगरी की सुरक्षा देने पर विचार कर रही है। मुंबई पुलिस के प्रोटेक्शन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ समेत कई अन्य सितारों ने सुरक्षा के लिए आवेदन किए हैं, जिनकी स्क्रूटनी की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ सितारों को X कैटिगरी की सुरक्षा देने के विकल्प पर भी चर्चा हो रही है, लेकिन अभी किसी कलाकार की सुरक्षा को लेकर आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। पुलिस हर आवेदन में मिली धमकी, उसकी विश्वसनीयता और संभावित खतरे के इनपुट की जांच कर रही है। खतरे का आकलन होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ने की वजह आयुष्मान खुराना को कथित धमकी और इस मामले में बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नामक आईटी प्रफेशनल की गिरफ्तारी है। इसके अलावा अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को खालिस्तान समर्थकों से कथित धमकी मिलने की बात भी सामने आई है। टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू में फायरिंग की घटना के अलावा अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, तुषार कपूर और आमिर खान को मिली धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित नेटवर्क की भूमिका के साथ बब्बर खालसा, अनिल पंडित, हैरी बॉक्सर और गोल्डी ढिल्लो जैसे गैंगस्टरों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इसे देखते हुए मुंबई पुलिस अभी यह तय करने में जुटी है कि किन कलाकारों को किस स्तर की सुरक्षा की जरूरत है और उसी हिसाब से उन्हें सुरक्षा दी जाए।
X कैटिगरी की सुरक्षा में आमतौर पर दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं। हालांकि, वास्तविक सुरक्षा व्यवस्था खतरे के आकलन और संबंधित एजेंसी की सिफारिश के आधार पर अलग-अलग हो सकती है। धमकी या हमले का शिकार हुए सितारों में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन, टाइगर श्रॉफ, दिलजीत दोसांझ, आयुष्मान खुराना, तुषार कपूर, सलमान खान, रणवीर सिंह, आमिर खान, अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी के नाम शामिल हैं।
