मुंबई में बुधवार को सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर लॉन्च हुआ। इस मौके पर फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू मौजूद रहे। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा भी नजर आएंगे।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान बड़जात्या से पूछा गया कि बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' और 'पुष्पा' जैसी एक्शन फिल्मों के अच्छे प्रदर्शन के बीच उन्होंने रोमांटिक फिल्म क्यों बनाई। जवाब में उन्होंने कहा कि 'धुरंधर' एक बेहतरीन फिल्म है, लेकिन जैसे थाली में अलग-अलग तरह के व्यंजन चाहिए होते हैं, वैसे ही ऐसी फिल्मों की भी जरूरत है। उन्होंने मजाक में कहा कि उन्हें बस यही आता है, तो वह क्या करें। बड़जात्या रोमांटिक ड्रामा फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं।

आयुष्मान खुराना से पूछा गया कि बड़जात्या की फिल्मों में उनका पसंदीदा प्रेम कौन है, तो उन्होंने सलमान खान का नाम लिया और कहा कि सलमान भाई से बेहतर प्रेम कोई हो ही नहीं सकता, उनका लॉन्च ही प्रेम से हुआ है।

फिल्म की कहानी प्रेम और पूर्वा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें एक-दूसरे से प्यार हो जाता है। शादी के बाद पूर्वा अपनी जिम्मेदारियों के कारण अपना घर नहीं छोड़ सकती, इसलिए प्रेम फैसला करता है कि शादी के बाद वह और उसका परिवार पूर्वा के घर जाकर रहने लगेंगे। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।