मुंबई। अपने डॉग्स के रेस्क्यू की अपील को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए अभिनेता शरद कपूर की मदद के लिए अब कई हाथ आगे आए हैं। उनकी सेहत, आर्थिक स्थिति और काम दिलाने को लेकर लोग पहल कर रहे हैं। खार स्थित उनके निवास पर बातचीत में शरद ने बताया कि उन्होंने दो-तीन फिल्में साइन की हैं और फिलहाल अहमद खान की फिल्म से कमबैक कर रहे हैं, जिसमें उनका नेगेटिव रोल होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया और लोगों ने उन्हें काफी सपोर्ट किया है और उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत है।

शरद ने बताया कि सोनू सूद उनसे मिलने पहुंचे थे और उन्होंने पैर की चोट के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम और मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम कराया। शरद अपनी हेल्थ केयर के लिए कर्जत जा रहे हैं, जहां सोनू सूद के दोस्त का हेल्थ केयर सेंटर है। उन्होंने सोनू सूद का दिल से आभार जताया।

शरद ने बताया कि उनकी फिल्म ‘जोश’ के को-स्टार शाहरुख खान की तरफ से भी मदद की पेशकश हुई है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही आर्यन से मिलने वाले हैं और शाहरुख ने फोन करके मदद का भरोसा दिया है। इसके अलावा अमिताभ बच्चन का भी उन्हें फोन आया था। संजय दत्त ने भी हौसला बढ़ाया और कहा कि वे अपनी सेहत का ख्याल रखें। शरद के मुताबिक, राज ठाकरे और मुख्यमंत्री जैसी हस्तियों के भी फोन आए और सभी ने उन्हें सपोर्ट किया।

शरद कपूर ने बताया कि निजी जिंदगी में परेशानियों के चलते कुछ समय तक उनका काम करने का मन नहीं करता था, लेकिन अब वे काफी हद तक ठीक हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लोगों ने हमेशा उन्हें सपोर्ट किया है। परिवार के बारे में उन्होंने कहा कि घरवालों ने जो बन सका, उन्होंने किया, लेकिन उनकी भी अपनी सीमाएं हैं। फिलहाल शरद अपनी पार्टनर के साथ रह रहे हैं।