मुजफ्फरपुर में अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवारा घाट पुल से बड़ा जगन्नाथ होते हुए बखरी जाने वाला मुख्य मार्ग स्थानीय मोहल्लेवासियों द्वारा घेर लिए जाने से बाधित हो गया है। यह मार्ग शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। मार्ग बाधित होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी निकलने में परेशानी हो रही है।

रास्ता बंद होने का सबसे अधिक असर नौकरी-पेशा लोगों, स्कूली बच्चों, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले लोगों पर पड़ रहा है। यात्रियों को मजबूरी में वैकल्पिक रास्तों से कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है।

राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन तथा अहियापुर थाना पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते पर इस तरह अवरोध खड़ा होने से आम जनता परेशान है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर रास्ते से अवरोध हटवाने की मांग की है, ताकि आवागमन फिर से सुचारू हो सके।