मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पीयर थाना और कच्ची-पक्की ओपी में नए प्रभारियों की तैनाती की है। पीयर थाना का कमान विक्की कुमार को और कच्ची-पक्की ओपी का अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह को बनाया गया है। यह पदस्थापन कार्यकुशलता, कार्यहित, लोकहित और रिक्ति के आधार पर किया गया है।

जिले के पीयर थाना के थानाध्यक्ष पद पर विक्की कुमार की नियुक्ति की गई है। वहीं जिला आसूचना इकाई टीम में शामिल पुअनि नीरज कुमार सिंह को कच्ची-पक्की ओपी का अध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस विभाग की ओर से जारी पदस्थापन आदेश के तहत यह तैनाती की गई।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने यह पदस्थापन कार्य कुशलता, कार्यहित व लोकहित एवं रिक्ति के आधार पर किया है। इससे पहले अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-02 की ओर से पीयर थानाध्यक्ष कुन्दन कुमार के विरुद्ध कांडों के न्यूनीकरण के संबंध में प्रतिवेदन समर्पित किया गया था। उनसे विभागीय कार्यवाही के विरुद्ध स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन स्पष्टीकरण समर्पित नहीं किया गया, जिसके आलोक में उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की गई है।

इसके अतिरिक्त कच्ची-पक्की ओपी के कार्यों एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा में पाया गया कि ओपी अध्यक्ष पुअनि कुमारी पुष्पा का कार्य निष्पादन संतोषजनक नहीं है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के अनुमोदन उपरांत कुन्दन कुमार एवं कुमारी पुष्पा को उनके वर्तमान पदस्थापन से मुक्त कर पुलिस केन्द्र, मुजफ्फरपुर वापस किया गया, जिससे दोनों पद रिक्त हो गए। नई तैनाती के बाद थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बेहतर होने और अपराध पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।