मुजफ्फरपुर के सदातपुर स्थित सुधा डेयरी प्लांट से निकलने वाले दूषित पानी को शोधित कर अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइपलाइन के जरिए फरदो नाला के समीप गिराया जाएगा। प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में तिरहुत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड यानी तिमूल के प्रस्तावित मार्ग को स्वीकृति दी गई। बैठक में कांटी विधायक अजीत कुमार भी मौजूद रहे। अंचलाधिकारी स्तर पर मानचित्रण कर समिति को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर ड्रेनेज रूट को मंजूरी दी गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने तिमूल के प्रबंध निदेशक को एक माह के भीतर प्रस्तावित ड्रेनेज रूट का डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है।
परियोजना के तहत डेयरी से फरदो नाला तक 2.4 किलोमीटर लंबी ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिसके लिए एनएचएआई और रेलवे से एनओसी ली जाएगी। यह पाइपलाइन एनएच से सटे क्षेत्र से होते हुए ट्रेडर्स, ट्रेवल्स, अली अहमद चौक और जेनरल स्टोर के पास से गुजरेगी। फरदो नाला के पास तालाब निर्माण से मत्स्य पालन को भी बढ़ावा मिलेगा। तय मार्ग के अनुसार एनएचएआई पुल के दक्षिण छोर पर सड़क के नीचे बने कल्वर्ट से लाइन ले जाकर पक्का नाला के पास से रेलवे क्रॉसिंग से करीब सौ मीटर आगे तक काम होगा और फिर करीब सौ मीटर पूर्व स्थित रेलवे अंडरपास के माध्यम से ट्रैक पार कर मुख्य सड़क तक पाइपलाइन पहुंचाई जाएगी।
सुधा डेयरी से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी के कारण आसपास की लगभग 40 एकड़ कृषि भूमि और 11 सौ लीची के पेड़ प्रभावित हो रहे हैं। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता द्वारा बोरवेल के पानी की जांच में आर्सेनिक, क्लोराइड और फास्फेट जैसे तत्व पाए गए थे, जिससे लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि करीब 50 वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में यह कदम उठाया गया है। कांटी विधायक अजीत कुमार ने कहा कि तिमूल के साथ अन्य होटल व रेस्टोरेंट का पानी भी रैयती भूमि में जा रहा है, इसलिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाना चाहिए। प्रमंडलीय आयुक्त ने आगामी 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए पाइपलाइन का निर्माण कराने का निर्देश दिया।
