मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के चक्कर चौक इलाके में शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर निवासी एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सदर अस्पताल ले गई, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका गोरखपुर के एक माल में काम करती थी।

प्रारंभिक पुलिस जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़े विवाद का सामने आया है और जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

बताया गया कि युवती चक्कर चौक जाने वाले रास्ते में सड़क किनारे गिरी हुई थी और उस समय वह होश में थी। स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम बताया और कहा कि जिस माल में वह काम करती थी, वहां मुजफ्फरपुर का एक युवक भी काम करता था। दोनों की जान-पहचान हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गया। बताया जा रहा है कि युवक छठ महापर्व पर अपने घर आया था। इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि वह शादी करने की तैयारी में है, जिसके बाद वह अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। युवक का घर चक्कर इलाके में ही बताया जाता है। युवती के अनुसार, युवक और उसके स्वजन ने उसे साथ रखने से इन्कार कर दिया और जहर खाकर मर जाने तक की बात कही, जिसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।

युवती की मौत की जानकारी मिलने पर उसकी मां मुजफ्फरपुर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पुलिस से मोबाइल पर सूचना मिलने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। युवती दो दिन पहले घर से यह कहकर निकली थी कि उसके कमरे में चोरी हो गई है और वह काम वाली जगह जा रही है। हालांकि, वह मुजफ्फरपुर कैसे पहुंची, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। मां ने किसी पर संदेह या आरोप नहीं लगाया है। नगर एएसपी वन सुरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। स्वजन के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। युवती मुजफ्फरपुर कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।