महाराष्ट्र के नागपुर में 23 नवंबर को मुंबई जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। अजनी रेलवे स्टेशन के आगे मनीष नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के A2 कोच पर पत्थर फेंके, जिससे खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। नागपुर मंडल के पीआरओ ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

ट्रेन ने बिना किसी रुकावट के अपनी यात्रा जारी रखी और वर्धा रेलवे स्टेशन के पास इसकी अस्थायी मरम्मत की गई। गौरतलब है कि नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पहले भी पत्थरबाजी हो चुकी है।

25 सितंबर को नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर बोरखेड़ी रेलवे स्टेशन के पास पत्थरबाजी की घटना हुई थी, जिसमें ट्रेन के वातानुकूलित डिब्बे पर पत्थर लगे थे। घटना की सूचना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जांच में पता चला कि पत्नी से झगड़े के बाद गुस्से में आए व्यक्ति ने चलती दुरंतो ट्रेन पर पत्थर फेंके थे।

इन घटनाओं ने एक बार फिर ट्रेन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।