राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने पाठ्यपुस्तकों की खराब छपाई को लेकर मिली शिकायतों पर संज्ञान लिया है। परिषद ने अपने पैनल में शामिल प्रिंटिंग प्रेसों को चेतावनी दी है कि घटिया छपाई और धुंधली सामग्री पर जुर्माना लगाया जा सकता है, ठेके रद किए जा सकते हैं और संबंधित प्रेस को काली सूची में डाला जा सकता है।

एनसीईआरटी की ओर से जारी परामर्श के मुताबिक, देश के विभिन्न हिस्सों से बाजार में उपलब्ध परिषद की पाठ्यपुस्तकों और अन्य प्रकाशनों की निम्न गुणवत्ता वाली छपाई को लेकर कई शिकायतें मिली हैं। परिषद ने कहा कि इसका असर प्रकाशनों की समग्र गुणवत्ता और स्वीकार्यता पर पड़ता है तथा परिषद की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचता है।

परिषद ने पैनल में शामिल प्रिंटिंग प्रेसों को छपाई और पुस्तक उत्पादन की प्रक्रिया के हर चरण में पूरी सावधानी, सतर्कता और गुणवत्ता नियंत्रण बरतने की सलाह दी है। एक्स पर एक पोस्ट में एनसीईआरटी ने कहा कि छपाई की गुणवत्ता से जुड़ी चिंता पर संज्ञान लिया गया है और जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी मुद्रक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिषद ने हर बच्चे को स्पष्ट, पढ़ने योग्य और विद्यार्थियों के अनुकूल पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल की ओर से कक्षा 10 की पाठ्यपुस्तकों में छपाई की खामियों को उजागर किए जाने के बाद हुई है। जिंदल ने एक पोस्ट में कहा था कि उनका बेटा कक्षा 10 में पढ़ता है और उसकी एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तक देखने के बाद वह छपाई की गुणवत्ता को लेकर बहुत चिंतित हैं।