नई टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य के पति से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। नई टिहरी कोतवाली में यह मुकदमा जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत के पति जयेंद्र रावत की तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ है। निरीक्षक एश्वर्य पाल के अनुसार पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया गया है कि 19 नवंबर को बौराड़ी में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और जयेंद्र रावत के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया था। इस संबंध में दोनों ने कोतवाली नई टिहरी में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी थी।

पुलिस ने जयेंद्र रावत की तहरीर के आधार पर नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। निरीक्षक एश्वर्य पाल ने बताया कि मामले में दूसरे पक्ष से भी तहरीर प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत के पति जयेंद्र रावत के बीच विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।